Reading: नशा तस्करों की अवैध संपत्ति पर नूरपुर पुलिस का शिकंजा, ₹48.30 लाख की संपत्ति जब्त

नशा तस्करों की अवैध संपत्ति पर नूरपुर पुलिस का शिकंजा, ₹48.30 लाख की संपत्ति जब्त

RamParkash Vats
4 Min Read

एनडीपीएस एक्ट के तहत सक्षम प्राधिकारी का आदेश लागू, आरोपी को संपत्ति का कब्जा संबंधित विभाग को सौंपने के निर्देश

नूरपुर से विनय महाजन:पुलिस जिला नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत पुलिस ने नशा तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में नूरपुर पुलिस ने पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत एक आरोपी की लगभग 48.30 लाख रुपये की संपत्ति एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत जब्त की है। इसके साथ ही जब्त संपत्ति का कब्जा संबंधित विभाग को सौंपने के आदेश भी विधिवत तामील करवा दिए गए हैं।इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला पुलिस नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी वर्मा ने बताया कि पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत आरोपी शमशेर सिंह पुत्र गुरदियाल सिंह, निवासी वार्ड नंबर-09, डमटाल, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा की संपत्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

उन्होंने बताया कि सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली द्वारा 22 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 68-I(1) एवं 68-I(3) के तहत आदेश पारित किया गया था। इस आदेश के अनुसार आरोपी की चिह्नित संपत्तियों को सभी प्रकार के भारों से मुक्त करते हुए जब्त करने की कार्रवाई की गई है। जब्त संपत्ति में आवासीय भवन एवं धनराशि सहित कुल 48,30,997 रुपये की संपत्ति शामिल है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सक्षम प्राधिकारी के आदेश को आगे लागू करते हुए पुलिस थाना डमटाल की टीम ने 29 अक्टूबर 2026 को आरोपी शमशेर सिंह को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-U के अंतर्गत आदेश विधिवत तामील करवाया। इस आदेश के तहत आरोपी को जब्त संपत्ति का कब्जा संबंधित विभाग को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई

पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के उस महत्वपूर्ण पहलू के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाती है। इसका उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना और कानून के प्रावधानों के तहत ऐसी संपत्तियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी वर्मा ने स्पष्ट किया कि पुलिस जिला नूरपुर नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एंटी चिट्टा अभियान के तहत नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।नूरपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशे के कारोबार अथवा नशीले पदार्थों की गतिविधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!