महमूदाबाद, सीतापुर। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने आज महमूदाबाद ब्लॉक में किसानों की समस्याओं को लेकर पंचायत की और 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष पवन कुमार वर्मा के नेतृत्व में हुई इस पंचायत में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

पवन कुमार वर्मा ने बताया कि ब्लॉक की साधन सहकारी समितियों पर डीएपी और यूरिया की भारी किल्लत है, जिससे किसानों को बुवाई में परेशानी हो रही है। उन्होंने ब्लॉक में किसान भवन के निर्माण की मांग की, ताकि किसान अपनी बैठकें कर सकें और जब तक भवन नहीं बनता, ब्लॉक परिसर के हॉल में पंचायत की अनुमति दी जाए।

किसानों ने बताया कि हाल के चक्रवात और भारी बारिश से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बीडीओ के माध्यम से एसडीएम को ज्ञापन देकर सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की गई। इसके अलावा पहाड़पुर, जदवापुर, जाफरपुर, इनायतपुर, सरैया, चलाकापुर सहित कई ग्राम पंचायतों में सिंचाई नलकूपों की पाइप लाइन और नालियां ध्वस्त पड़ी हैं, जिस पर कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पहाड़पुर के ग्राम तकिया में नाली निर्माण अधूरा पड़ा है, वहीं कलुआपुर की साधन सहकारी समिति तीन साल से बंद है। किसानों का आरोप है कि सचिव सेंटर चलाते हैं लेकिन समिति नहीं चलाते। यूनियन ने मांग की कि या तो समिति चालू की जाए या सेंटर बंद किया जाए।
दो संपर्क मार्गों की हालत भी बेहद खराब है। पहाड़पुर से हुल्लादास मंदिर और बेहटी से इनायतपुर जाने वाले मार्ग पूरी तरह जर्जर हैं, कई बार ज्ञापन देने के बाद भी मरम्मत नहीं हुई।खंड विकास अधिकारी ने ज्ञापन लेकर सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

