Reading: सकोह-देहरी में ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट संपन्न, देहरी की टीम बनी विजेता

सकोह-देहरी में ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट संपन्न, देहरी की टीम बनी विजेता

RamParkash Vats
2 Min Read

26 टीमों ने लिया हिस्सा, विजेता को 7,100 और उपविजेता को 5,100 रुपये की नकद राशि व स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

विकास खंड फतेहपुर के अंतर्गत माइलस्टोन पब्लिक हाई स्कूल, सकोह के देहरी में नई उड़ान फाउंडेशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का समापन हो गया। प्रतियोगिता में कुल 26 टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में नई उड़ान फाउंडेशन के कांगड़ा जिला अध्यक्ष संयम धीमान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला देहरी और सकोह की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में देहरी की टीम ने बाजी मारते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि सकोह की टीम उपविजेता रही।

समापन समारोह के दौरान विजेता देहरी टीम को 7,100 रुपये नकद और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उपविजेता सकोह टीम को 5,100 रुपये नकद राशि और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर नई उड़ान फाउंडेशन के कांगड़ा जिला अध्यक्ष संयम धीमान ने कहा कि फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए उचित मंच उपलब्ध करवाना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से युवा अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और आपसी सहयोग जैसे गुण भी सीखते हैं।

उन्होंने क्षेत्र में नशे के बढ़ते खतरे पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलकूद जैसी रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है।

इस मौके पर अभय धीमान, अभिनव धीमान, ईशान धीमान और अनिल धीमान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!