नंगे पैर ड्यूटी करते नजर आए कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह, श्रद्धालुओं के बीच बने चर्चा का विषय

महमूदाबाद, सीतापुर।राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन महमूदाबाद क्षेत्र के मोहल्ला बेहटी में स्थापित होने वाली मां जगदंबा की प्रतिमा के लिए हिमाचल प्रदेश स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वाला देवी धाम से लाई गई अखंड ज्योति के साथ रविवार को नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ महमूदाबाद के प्रसिद्ध श्री संकटा देवी मंदिर से हुआ। यहां से यात्रा तहसील मार्ग, बजाजा चौराहा, रामकुंड और मोतीपुर चौराहा होते हुए मोहल्ला बेहटी पहुंची।

कलश यात्रा के दौरान पूरा नगर मां के जयकारों से गूंज उठा। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ यात्रा में भाग लिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। मां ज्वाला देवी धाम से लाई गई अखंड ज्योति के आगमन को लेकर भक्तों में विशेष आस्था और उल्लास का माहौल रहा।
नंगे पैर ड्यूटी कर कोतवाल ने दिखाई आस्था
कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात महमूदाबाद कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह भी चर्चा का विषय बने रहे। वह पूरी यात्रा के दौरान नंगे पैर रहकर अपनी ड्यूटी करते नजर आए। उनके इस रूप को देखकर कई श्रद्धालु प्रभावित हुए। उन्होंने एक ओर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई, वहीं दूसरी ओर धार्मिक आयोजन के प्रति अपनी आस्था भी प्रदर्शित की।
वर्षों पुरानी है ज्योति लाने की परंपरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहल्ला बेहटी में प्रत्येक वर्ष शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाती है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश के ज्वाला देवी धाम से अखंड ज्योति लाने की परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी श्रद्धालु अखंड ज्योति लेकर महमूदाबाद पहुंचे। नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में जुटे हैं।

