न्यूज इंडिया आजतक संसदीय क्षेत्र कांगड़ा -चंम्बा चीफ ब्यूरो विनय महाजन
नूरपुर प्रदेश की इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर मेंआज आयोजित खंड स्तरीय अंडर-19 बालक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने किया। प्रतियोगिता में 32 विद्यालयों के 455 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए कबड्डी, वॉलीबॉल, चेस, बैडमिंटन तथा खो-खो की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने और नशे से दूर रखने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।इस अवसर पर विधायक ने विद्यालय में डिजिटल लाइब्रेरी तथा स्मार्ट क्लासरूम का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव ला रही है और डिजिटल लाइब्रेरी तथा स्मार्ट क्लासरूम विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर एवं आधुनिक संसाधन उपलब्ध करवाएंगे।विधायक ने कहा कि मिलवां से बरोटा सड़क का निर्माण कार्य जारी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बसंतपुर में खेल मैदान बनकर तैयार हो चुका है तथा यहां खिलाड़ियों और युवाओं के लिए ओपन जिम, सोलर लाइट सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस विभाग को दें। उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा रहा है तथा मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की संपत्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि आगामी अक्तूबर माह में इंदौरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव से पहले विभिन्न गांवों में ग्राम स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इंदौरा उत्सव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की स्थानीय प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच प्रदान करना है।
विधायक ने विद्यालय प्रबंधन को आश्वस्त किया कि स्कूल की आवश्यक मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर 41 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।कार्यक्रम के अंत में विधायक ने खिलाड़ियों से कहा कि वे हार-जीत की चिंता किए बिना पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलें, अनुशासन बनाए रखें और खेल के साथ-साथ शिक्षा में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपने जीवन में आगे बढ़ें।इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य रत्नेश्वर ने विधायक को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कुलदीप शर्मा,मनोहर सिंह,बीडीसी सदस्य विनोद कुमार,विजय,पूर्व प्रधान वसंतपुर कुलदीप,पूर्व उप प्रधान जोगिंदर,यूथ कांग्रेस प्रेसिडेंट विजेन्द्र पठानिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक, खिलाड़ी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

