
महमूदाबाद, सीतापुर। मंडल स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में सेठ रामगुलाम पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज, महमूदाबाद के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतिक सोच, एकाग्रता और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए विभिन्न वर्गों में महत्वपूर्ण स्थान हासिल किए।

हरदोई जनपद स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबलों के बीच सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज के अंडर-14 वर्ग में आर्यन चौहान, अंडर-17 वर्ग में जय अवस्थी तथा अंडर-19 वर्ग में श्लोक अवस्थी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया।

वहीं, बालिका वर्ग में विद्यालय की छात्रा शिवानी ने मंडल स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ मुकाबला करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

छात्र-छात्राओं की सफलता पर सेठ रामगुलाम पटेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर इंजीनियर क्षितिज चंद्रा ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

