Reading: पौंग बांध की लहरों पर खेलों का रोमांच, कयाकिंग-कैनोइंग चैंपियनशिप का आगाज

पौंग बांध की लहरों पर खेलों का रोमांच, कयाकिंग-कैनोइंग चैंपियनशिप का आगाज

RamParkash Vats
3 Min Read

पौंग बांध की लहरों पर बुधवार को खेल कौशल, साहस और प्रतिस्पर्धा का रोमांच देखने को मिला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के तत्वावधान में वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी की ओर से अंतर-महाविद्यालय कयाकिंग एवं कैनोइंग चैंपियनशिप का शुभारंभ किया गया। 14 और 15 अक्टूबर को आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 14 महाविद्यालयों की 21 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें महिला वर्ग की 10 और पुरुष वर्ग की 11 टीमें शामिल हैं।प्रतियोगिता का शुभारंभ रेहन वार्ड के जिला परिषद सदस्य एवं समाजसेवी रघुबीर पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर उद्योगपति त्रिशी शर्मा, कुटबासी पंचायत के प्रधान हरपाल सिंह छोटू तथा श्री गुग्गा जाहर वीर जी सेवा एवं जनकल्याण समिति, खटियाड़ के प्रधान अवतार सिंह राजू विशेष रूप से उपस्थित रहे। कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एवं खटियाड़ के समाजसेवी राजेंद्र सिंह सोनू ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। महाविद्यालय की प्राचार्य कामाक्षी लुंभा ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि रघुबीर पठानिया ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों एवं रचनात्मक गतिविधियों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं l महाविद्यालय की प्राचार्य कामाक्षी लुंभा ने मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पौंग बांध में कयाकिंग एवं कैनोइंग चैंपियनशिप का आयोजन महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनमें खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।दो दिवसीय चैंपियनशिप का समापन 15 अक्टूबर को होगा। समापन समारोह में फतेहपुर के विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन कोच एवं निदेशक श्याम लाल की देखरेख में किया जा रहा है।
गौरतलब है कि वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी पिछले कुछ वर्षों से प्रदेश में जल क्रीड़ाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। पौंग बांध में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिल रहा है। साथ ही, युवाओं में कयाकिंग एवं कैनोइंग के प्रति रुचि बढ़ाने और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में भी मदद मिल रही है।इस अवसर पर विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक ओंकार सिंह, पवन कुमार, आयोजन सचिव देवेंद्र सिंह तथा मीडिया प्रभारी रविन्द्र चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!