थाना रामपुरकलां क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसओजी एवं रामपुरकलां पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल बताए जा रहे सात अंतर्राज्यीय/अंतर्जनपदीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट से संबंधित जेवरात, दो तमंचे, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हुई लूट की घटना की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

बताया गया कि रामपुरकलां थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में टीमों को लगाया गया।एसओजी और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से सुराग जुटाते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद पुलिस टीम ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के जेवरात सहित अवैध असलहा, कारतूस और दो बाइक बरामद कीं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने इससे पहले सीतापुर समेत अन्य जनपदों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इनके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सर्राफा व्यापारी से हुई लूट के खुलासे को रामपुरकलां पुलिस और एसओजी की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

