भारतीय डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती-2026 के जुलाई शेड्यूल-दो के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। भर्ती के माध्यम से शाखा डाकपाल (BPM), सहायक शाखा डाकपाल (ABPM) और ग्रामीण डाक सेवक के कुल 23,757 पद भरे जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 19 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

हिमाचल प्रदेश डाक सर्किल में 335 पद निर्धारित किए गए हैं। जीडीएस भर्ती के लिए अभ्यर्थी का मान्यता प्राप्त बोर्ड से गणित और अंग्रेजी विषयों के साथ दसवीं कक्षा पास होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया में दसवीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी और इसी के आधार पर चयन होगा।
अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित है, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और सभी महिला अभ्यर्थियों को शुल्क में छूट दी गई है।
इतना मिलेगा वेतन
चयनित ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM) को 12,000 से 29,380 रुपये प्रति माह, जबकि असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM)/ग्रामीण डाक सेवक को 10,000 से 24,470 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा। भर्ती में परीक्षा के बजाय दसवीं के अंकों पर आधारित मेरिट को प्रमुख आधार बनाया गया है।

