Reading: इंदौरा में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक छिंज मेला, विधायक मलेंद्र राजन रहे मुख्यातिथि

इंदौरा में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक छिंज मेला, विधायक मलेंद्र राजन रहे मुख्यातिथि

RamParkash Vats
2 Min Read

नूरपुर प्रदेश के शीतला माता मंदिर दंगल ग्राउंड इंदौरा में आज एक वार्षिक छिंज मेले का आयोजन धूमधाम से किया गया। मेले में देश-विदेश के पहलवानों ने कुश्ती के दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में विधायक मलेंद्र राजन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

संसदीय क्षेत्र कांगड़ा-चंबा | चीफ ब्यूरो — विनय महाजन | दिनांक: 28 अगस्त 2026

इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने छिंज मेला कमेटी को 21 हजार रुपये की राशि भेंट की। उन्होंने कहा कि छिंज मेले और कुश्ती जैसी पारंपरिक खेल गतिविधियां हमारी समृद्ध संस्कृति एवं खेल परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलता है तथा उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी मिलता है।
विधायक ने कहा कि इंदौरा में बनाए जा रहे बड़े पार्क का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की माताओं-बहनों, बच्चों और आम लोगों को बेहतर मनोरंजन एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। पार्क में ओपन जिम भी स्थापित किया जा रहा है, ताकि लोग वहां आकर व्यायाम करें और अपनी फिटनेस पर ध्यान दे सकें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लोगों का शारीरिक रूप से सक्रिय रहना बेहद जरूरी है।

मलेंद्र राजन ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र को नशामुक्त बनाना तथा इसे एक मॉडल विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने छिंज मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी को बधाई दी तथा कहा कि इस प्रकार के पारंपरिक आयोजनों को निरंतर बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!