
संगड़ाह। जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। श्री रेणुका जी–संगड़ाह मुख्य मार्ग गुरुवार सुबह करीब 9 बजे से पूरी तरह बंद पड़ा है, जिससे दोनों ओर 200 से अधिक वाहन लंबी कतारों में फंस गए हैं।
सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। कई यात्री घंटों से मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने तुरंत दो जेसीबी मशीनें मौके पर भेजी हैं और मलबा हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। विभाग का कहना है कि मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने के प्रयास लगातार जारी हैं।

