गांव में विकास कार्यों की घोर अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महमूदाबाद, सीतापुर।प्रदेश राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
महमूदबाद-सीतापुर :तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सिहारूखेड़ा के मजरे अतरौली गांव में विकास कार्यों की पोल खुलती नजर आ रही है। गांव की मुख्य समस्याओं को लेकर ग्राम पंचायत सदस्य द्वारा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री को एक प्रार्थना पत्र दिया गया है, जिसमें गांव की जर्जर सड़कों, खराब पड़ी नालियों और जलभराव की गंभीर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतरौली गांव निवासी एवं वार्ड संख्या 10 के ग्राम पंचायत सदस्य जितेन्द्र कुमार पुत्र सुरेश कुमार ने जनता दर्शन, उप मुख्यमंत्री कार्यालय, लखनऊ में यह प्रार्थना पत्र दिया है। प्रार्थी ने बताया है कि उनके गांव में विकास कार्यों की घोर अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में नाली, खड़ंजे और मुख्य मार्गों की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। गांव के मुख्य रास्तों और चकमार्गों की मरम्मत लंबे समय से नहीं कराई गई है। गांव में स्थित विद्यालय के निकट जलभराव की समस्या लगातार बनी रहती है, जिससे वहां आने-जाने वाले छोटे स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गांव के भीतर नालियों की साफ-सफाई और नलों की व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से जितेन्द्र कुमार ने मांग की है कि राजस्व टीम एवं ग्राम विकास अधिकारी द्वारा गांव का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। इसके साथ ही, नालियों, रास्तों और मुख्य मार्गों की स्थिति की निष्पक्ष जांच करवाकर जल्द से जल्द मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।