कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज की छात्राओं गायत्री गुप्ता, संजना वर्मा एवं प्रिया वर्मा ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

स्थानीय फौजी रेस्टोरेंट में मंगलवार को इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट (IFWJ) से संबद्ध यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन की महमूदाबाद तहसील इकाई का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, न्यायपालिका, शिक्षा, चिकित्सा जगत के गणमान्य व्यक्तियों के साथ बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज की छात्राओं गायत्री गुप्ता, संजना वर्मा एवं प्रिया वर्मा ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति से प्रभावित होकर इकाई अध्यक्ष अनुज कुमार जैन ने तीनों छात्राओं को ₹500/= का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मंच संचालन जितेंद्र वर्मा एवं इरफान मंसूरी ने किया।
जिला महामंत्री सुनील वर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने पत्रकारिता में निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और समाज के प्रति जवाबदेही निभाने के साथ पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सदैव सक्रिय रहने का संकल्प दिलाया।

इसके बाद मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी, विशिष्ट अतिथि सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष वर्मा, नगर पालिका ईओ पवन किशोर मौर्य तथा इकाई अध्यक्ष अनुज कुमार जैन ने संयुक्त रूप से नवगठित कार्यकारिणी के सदस्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

अपने संबोधन में एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ. आशीष वर्मा और पवन किशोर मौर्य ने भी पत्रकारों के सामाजिक योगदान की सराहना की। तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ब्रजेंद्र सहाय, प्रवक्ता धर्मेंद्र सिंह, एवं जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सच्चाई को सामने लाने वाले पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है।
समारोह के अंत में अतिथियों एवं पत्रकारों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। आयोजन की सफलता में फौजी रेस्टोरेंट के प्रबंधक सी.वी. गुप्ता का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए संगठन ने उनका आभार व्यक्त किया।
अंत में महमूदाबाद इकाई के अध्यक्ष अनुज कुमार जैन एवं महामंत्री रामनिवास गुप्ता ने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी पत्रकार हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

