ज्वाली, कांगड़ा, 25/0602026,राज्य चीफ ब्यूरो विजय समयाल
कान्ता कॉलेज ऑफ एजुकेशन, चलवाड़ा में वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं विदाई समारोह 2026 बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई देना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अजय जमवाल, मुख्य प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, नूरपुर रहे। महाविद्यालय परिवार द्वारा उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्री अजय जमवाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास, अनुशासन, समर्पण एवं सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने तथा जीवन में आने वाली चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण एवं उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।महाविद्यालय के चेयरमैन ठाकुर शुभकरण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी तथा अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विदाई प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या कुमारी शिवानी मेहरा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्राप्त शिक्षा, संस्कार एवं अनुभव विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों, अभिभावकों एवं समाज के प्रति सदैव सम्मान की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी विभिन्न उपलब्धियों के लिए अचीवमेंट अवार्ड्स प्रदान कर सम्मानित किया गया। शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए गए।विदाई समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें समूह नृत्य, गीत, कविता एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मिस्टर पर्सनैलिटी, मिस पर्सनैलिटी, मिस्टर फेयरवेल एवं मिस फेयरवेल का चयन रहा।निर्णायकों द्वारा चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत यश को मिस्टर पर्सनैलिटी, रितिका को मिस पर्सनैलिटी, शिवम भारती को मिस्टर फेयरवेल तथा प्रेरणा को मिस फेयरवेल के खिताब से सम्मानित किया गया। इसके साथ शुभम को मिस्टर बेस्ट का खिताब दिया गया ।
विजेताओं को ताज एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने विजेताओं को शुभकामनाएँ दीं।कार्यक्रम के दौरान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने महाविद्यालय में बिताए गए अपने अनुभव साझा किए और अपने शिक्षकों एवं सहपाठियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान वातावरण भावुक एवं यादगार बन गया। विद्यार्थियों ने अपने महाविद्यालय जीवन की मधुर स्मृतियों को साझा करते हुए भविष्य में महाविद्यालय का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ सदस्यों ने सभी पुरस्कार विजेताओं एवं विदाई प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक, स्मरणीय एवं भावनात्मक अनुभव सिद्ध हुआ तथा सभी ने इसे अपने महाविद्यालय जीवन की एक अविस्मरणीय स्मृति के रूप में याद रखने का संकल्प लिया।

