Reading: सफाई व्यवस्था और पेयजल संकट को लेकर ग्राम पंचायत सदस्य ने बीडीओ से की शिकायत

सफाई व्यवस्था और पेयजल संकट को लेकर ग्राम पंचायत सदस्य ने बीडीओ से की शिकायत

RamParkash Vats
2 Min Read

महमूदाबाद, 16/6/2026/सीतापुर।राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन

विकासखंड महमूदाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत अतरौली के मजरा सिहारूखेड़ा में सफाई व्यवस्था एवं पेयजल सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस संबंध में ग्राम पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार वर्मा ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) महमूदाबाद को लिखित प्रार्थना पत्र देकर ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मचारी पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

शिकायती पत्र में ग्राम पंचायत सदस्य ने बताया कि मजरा सिहारूखेड़ा में तैनात सफाई कर्मचारी राजेश कुमार रावत द्वारा नियमित रूप से गांव की सफाई नहीं की जा रही है। गांव की नालियों, रास्तों एवं सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी के कारण संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत क्षेत्र में लगे कई सरकारी हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है। इसके चलते ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और उन्हें दूर-दराज के स्थानों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

ग्राम पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार वर्मा ने खंड विकास अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने एवं खराब पड़े हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कराकर ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था और पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।ग्राम पंचायत सदस्य द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!