यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन की पहल रंग लाई, सीएमओ डॉ. सुखरंजन समाद्दार ने दिए तत्काल निर्देश
सीतापुर/16:6:2026/ राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
फार्मासिस्ट प्रशिक्षु छात्रों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन की पहल सफल रही। संगठन के जिला अध्यक्ष रंजीत यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समाद्दार से मुलाकात कर प्रशिक्षु छात्रों को प्रशिक्षण के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि छात्रों को दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में समय और आर्थिक संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी का सामना करना पड़ता है, जिससे प्रशिक्षण प्रभावित होता है। छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने तत्काल प्रभाव से महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी फार्मासिस्ट प्रशिक्षु छात्रों को उनके निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।
सीएमओ डॉ. सुखरंजन समाद्दार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में प्रशिक्षित और दक्ष फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है, जिससे वे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें।
यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन के जिला अध्यक्ष रंजीत यादव ने सीएमओ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय प्रशिक्षु छात्रों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करेगा और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर देगा। उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा फार्मासिस्टों और छात्रों के हितों की आवाज बनकर कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर रंजीत यादव ने उत्तर प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के पूर्व चेयरमैन सुनील कुमार यादव के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन छात्र हित, फार्मासिस्ट कल्याण और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर सक्रिय है।
सीएमओ के इस छात्र-हितैषी निर्णय का प्रशिक्षु छात्रों एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों ने स्वागत किया है। छात्रों ने यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस फैसले से उन्हें अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी और वे अपने प्रशिक्षण पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारी, प्रशिक्षु छात्र एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

