महमूदाबाद/सीतापुर। राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
इसे कुदरत का करिश्मा कहें या फिर मानवीय भूल? कबाड़ बन चुके किसी वाहन में अचानक आग लग जाना सामान्य घटना नहीं मानी जा सकती। खासकर तब, जब मामला थाने के सामने खड़े कबाड़ वाहनों का हो। ऐसे में यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है—क्या यह किसी तकनीकी कारण से हुआ हादसा था, भीषण गर्मी का असर या फिर कहीं लापरवाही का नतीजा?
महमूदाबाद थाना गेट के सामने कबाड़ में खड़े वाहनों के बीच अचानक एक मारुति वैन में आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आसपास खड़े अन्य कबाड़ वाहनों तक आग फैलने से बच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गया एऔर बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटना ने कबाड़ वाहनों की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कबाड़ में खड़े वाहन में अचानक आग लगना महज संयोग है या फिर किसी गंभीर लापरवाही का संकेत—यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

