उद्योग मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की मूल इकाइयां हैं और ग्रामीण विकास में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है

सिरमौर नाहन, 15 जून 2026 (जिला चीफ़ ब्यूरो कपिल शर्मा):
जिला सिरमौर के नाहन चौगान में सोमवार को आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री Harshwardhan Chauhan ने जिले के नवनिर्वाचित 273 पंचायत प्रधानों तथा 273 उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
उद्योग मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की मूल इकाइयां हैं और ग्रामीण विकास में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से बिना पक्षपात, पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता एवं कर्मठता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता अपने प्रतिनिधियों को विश्वास और अपेक्षाओं के साथ चुनती है, इसलिए उनकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास की अधिकांश योजनाएं पंचायतों के माध्यम से संचालित हो रही हैं और करोड़ों रुपये की धनराशि पंचायतों को उपलब्ध करवाई जा रही है। मंत्री ने जानकारी दी कि 16वें वित्त आयोग के तहत जिला सिरमौर को आगामी पांच वर्षों में 226.22 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे, जिनमें वित्त वर्ष 2026-27 में 36.32 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पंचायतों में डिजिटल तकनीक का उपयोग बढ़ा है और रिकॉर्ड संधारण सहित अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन की जा रही हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से डिजिटल तकनीक का अधिकाधिक प्रयोग कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि सरकार भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं करेगी तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंचायत घर निर्माण हेतु अनुदान राशि 89 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.14 करोड़ रुपये प्रति पंचायत कर दी गई है। साथ ही पंचायती राज चुनाव में निर्विरोध चुनी गई पंचायतों को 25 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई है।
समारोह में विधायक नाहन Ajay Solanki ने पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने में पंचायतों की अहम भूमिका होती है और प्रतिनिधियों को बिना राजनीतिक भेदभाव के विकास कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए।इस अवसर पर पूर्व विधायक Ajay Bahadur, Kirnesh Jung, पुलिस अधीक्षक सिरमौर Nishchint Singh Negi, जिला कांग्रेस अध्यक्ष Anand Parmar सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

