Reading: नूरपुर पुलिस की नशे के नेटवर्क पर बड़ी चोट, चंबा का युवक गिरफ्तार — चरस तस्करी मामले में चौथी गिरफ्तारी

नूरपुर पुलिस की नशे के नेटवर्क पर बड़ी चोट, चंबा का युवक गिरफ्तार — चरस तस्करी मामले में चौथी गिरफ्तारी

RamParkash Vats
3 Min Read


नूरपुर/रेहन/क्राईम रिपोर्टर डेस्क न्यूज इंडिया आजतक संपादक राम प्रकाश वत्स:नशे के सौदागरों के खिलाफ छेड़ी गई जंग में पुलिस जिला नूरपुर लगातार शिकंजा कस रही है। थाना रेहन में दर्ज चरस तस्करी के एक बड़े मामले में पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए एक और आरोपी को दबोचने में अहम सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के बाद अब इस हाई-प्रोफाइल NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार पहुंच गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, थाना रेहन में दर्ज FIR नंबर 41/26 दिनांक 13 अप्रैल 2026 के तहत धारा 20, 25 और 29 NDPS Act में चल रही गहन जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर संजय कुमार पुत्र शेर सिंह निवासी गांव कुंडल, तहसील सलूणी, जिला चंबा (उम्र 24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी का नाम जांच के दौरान सामने आया और नशे के इस नेटवर्क से जुड़े तार मिलने पर उसे हिरासत में लिया गया।
गौरतलब है कि इस सनसनीखेज मामले में घटना वाले दिन ही पुलिस ने मौके से रोबिन और यूसुफ, दोनों निवासी जिला चंबा, को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1 किलो 210 ग्राम चरस बरामद हुई थी, जिसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया था।
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने नशे के इस अवैध कारोबार की परतें खोलनी शुरू कीं। बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस ने तीसरे आरोपी शुक्रदीन को गिरफ्तार किया। वहीं अब लगातार जुटाए जा रहे सबूतों और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने चौथे आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार कर मामले की कड़ियों को और मजबूत किया है।
सूत्रों की मानें तो पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी और पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस अवैध धंधे में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी भूमिका की गंभीरता से जांच की जा रही है।
उधर, पुलिस जिला नूरपुर ने साफ संदेश दिया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!