महमूदाबाद, सीतापुर। 2/6/26 राज्य चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन

नगर पालिका परिषद महमूदाबाद की बोर्ड बैठक विधायक श्रीमती आशा मौर्या की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर क्षेत्र की विभिन्न जनहितकारी समस्याओं के समाधान एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई और आवश्यक कार्यवाही किए जाने पर जोर दिया गया।
बैठक में विधायक श्रीमती आशा मौर्या ने नगर क्षेत्र के विकास एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराए जाने की बात कही। उन्होंने वार्ड रमुआपुर स्थित अंत्येष्टि स्थल के जीर्णोद्धार एवं वहां आवश्यक सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव रखा, ताकि अंतिम संस्कार के समय क्षेत्रवासियों को सम्मानजनक एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
इसके अलावा वार्ड रमुआपुर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ट्रॉली पम्प की व्यवस्था कराने तथा पूरे नगर क्षेत्र में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजने का प्रस्ताव भी रखा गया। बैठक में तालाब एवं पोखर संरक्षण योजना के अंतर्गत नगर के प्रमुख तालाबों और पोखरों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराए जाने पर भी चर्चा हुई, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं नगर की सुंदरता को बढ़ावा मिल सके।
बैठक के दौरान नामित सभासद आशुतोष बाजपेयी “अनल” ने नगर के प्रमुख चौराहों पर सार्वजनिक प्रसाधनों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने महमूदाबाद के सभी प्रमुख चौराहों पर सुलभ शौचालयों के निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों, महिलाओं एवं यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
बैठक में नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, जल निकासी एवं जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के समस्त सभासद, अधिशासी अधिकारी संतोष मौर्य सहित नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगरवासियों को उम्मीद है कि बैठक में उठाए गए जनहित के मुद्दों पर शीघ्र कार्यवाही होगी और क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

