Feathpur/2/06/2026/राज्य चीफ ब्यूरो विजय समयाल
ग्राम पंचायत बड़ी-वतराहन की नवनिर्वाचित प्रधान तमन्ना धीमान शर्मा को उनकी शानदार जीत पर बधाई देने के लिए क्षेत्रीय विधायक भवानी सिंह पठानिया ग्राम पंचायत बतराहन उनके निवास स्थान में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तमन्ना धीमान शर्मा को जीत की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
गौरतलब है कि तमन्ना धीमान शर्मा ने अपने पिछले कार्यकाल में बीडीसी सदस्य के रूप में नेरना-बड़ी वतराहन क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनकी कार्यशैली, जनसेवा के प्रति समर्पण और लोगों के बीच बढ़ते विश्वास को देखते हुए क्षेत्र की जनता ने उन्हें इस बार बड़ी-वतराहन पंचायत का प्रधान चुनकर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
इस अवसर पर विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करते हुए पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई पंचायत टीम गांव के विकास, जनकल्याण तथा बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
विधायक ने यह भी कहा कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए उनका सहयोग और मार्गदर्शन सदैव पंचायत के साथ रहेगा। इस दौरान पंचायत के विकास, जनकल्याण योजनाओं तथा क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
ग्रामीणों ने विधायक के इस दौरे का स्वागत करते हुए पंचायत के विकास को लेकर सकारात्मक अपेक्षाएं व्यक्त कीं।

