newsindiaaajtak.com, (Himachal News Desk,)Ram Parkash Vats
पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत पंचायती राज चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान आज शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। पूरे क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला,

जहां मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे।

नूरपुर पुलिस ने चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील मतदान केंद्रों सहित विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की। पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। जनता के सहयोग और जागरूकता के कारण मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

मतदान समाप्त होने के बाद अब मतगणना की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए हैं। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजरें अब चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं।

इस अवसर पर नूरपुर पुलिस ने आम नागरिकों, प्रत्याशियों और समर्थकों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि मतगणना के दौरान और परिणाम घोषित होने के बाद भी क्षेत्र में शांति, भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और सत्यापित जानकारी पर ही विश्वास करने का आग्रह किया गया है।

प्रशासन ने विश्वास जताया है कि जनता के सहयोग से चुनाव प्रक्रिया का अंतिम चरण भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा तथा लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

