Reading: कफोटा की होनहार बेटी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, बिना कोचिंग नवोदय विद्यालय नाहन में चयन

कफोटा की होनहार बेटी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, बिना कोचिंग नवोदय विद्यालय नाहन में चयन

RamParkash Vats
2 Min Read
आज यह उपलब्धि केवल एक छात्रा की सफलता नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का संदेश है कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है

कफोटा (सिरमौर) 24/05/2026/जिला चीफ़ ब्यूरो

कफोटा क्षेत्र की एक प्रतिभाशाली बेटी ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर वह कर दिखाया, जो आज के प्रतिस्पर्धी दौर में किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं माना जाता। सीमित संसाधनों के बावजूद बिना किसी कोचिंग के जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर इस बेटी ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे कफोटा क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

यह होनहार छात्रा प्रारंभ से ही पढ़ाई में मेधावी रही है। उसने पहली से पांचवीं कक्षा तक की शिक्षा GPCS कफोटा से प्राप्त की तथा वर्तमान में GUSSS कफोटा में अध्ययनरत है। पांचवीं कक्षा में शिक्षा खंड कफोटा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉपर रहना उसकी मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है।

सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि भाषण प्रतियोगिता, कार्ड मेकिंग, राइटिंग और रीडिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भी छात्रा ने ब्लॉक और जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर इस बेटी ने यह साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी अवसर मिलने पर किसी से कम नहीं हैं।

इस सफलता के पीछे छात्रा की माता कल्पना चौहान का संघर्ष, समर्पण और मार्गदर्शन भी प्रेरणादायक रहा है। वर्ष 2021 से मार्च 2026 तक GPCS कफोटा में स्वयंसेविका के रूप में बच्चों को शिक्षित करने वाली कल्पना चौहान ने अपनी बेटी को हर कदम पर प्रोत्साहित किया और स्वयं तैयार किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों को देते हुए कहा कि शिक्षकों के सहयोग और निरंतर प्रेरणा ने उनकी बेटी के आत्मविश्वास को मजबूत किया।

आज यह उपलब्धि केवल एक छात्रा की सफलता नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का संदेश है कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। क्षेत्रवासियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए बेटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!