शिमला चीफ ब्यूरो विजय समयाल: हिमाचल प्रदेश पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता, त्वरित प्रतिक्रिया और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर पूरे देश में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ERSS-112) के प्रभावी संचालन में हिमाचल पुलिस ने देशभर में पहला स्थान हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। खास बात यह है कि कुछ ही महीनों में 34वें पायदान से लंबी छलांग लगाकर शीर्ष स्थान प्राप्त करना राज्य पुलिस के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
पहाड़ी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद हिमाचल पुलिस ने बड़े और संसाधन संपन्न राज्यों को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। प्रदेश में नेटवर्क और कनेक्टिविटी की चुनौतियां आम होने के बावजूद 112 नंबर पर आने वाली कॉल पर त्वरित कार्रवाई, चंद मिनटों में मौके पर पहुंचकर सहायता प्रदान करने और संकटग्रस्त लोगों को राहत पहुंचाने में हिमाचल का प्रदर्शन देश में सर्वश्रेष्ठ आंका गया है।
इस उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने इसे पुलिस विभाग के इतिहास का “मील का पत्थर” करार देते हुए पूरी पुलिस फोर्स की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और छोटी फोर्स के बावजूद यह सफलता जवानों की मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम है।
ERSS-112 में हिमाचल पुलिस ने रचा इतिहास, 34वें पायदान से देश में नंबर-1 बनी, त्वरित कार्रवाई और जनसेवा में स्थापित किया नया कीर्तिमान
Leave a comment
Leave a comment

