महमूदाबाद, सीतापुर। राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
थाना सदरपुर में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर उद्घाटनअग्रवाल ने नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र, प्रभारी निरीक्षक कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना तथा हवालात का उद्घाटन किया।

विशेष बात यह रही कि थाना सदरपुर पर तैनात नवनियुक्त महिला आरक्षियों द्वारा फीता काटकर इन भवनों का शुभारंभ कराया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन नई सुविधाओं से थाना स्तर पर कार्य प्रबंधन बेहतर होगा, महिलाओं की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी तथा शिकायतों का शीघ्र निस्तारण संभव हो सकेगा।
उन्होंने महिला आरक्षियों को प्रोत्साहित करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करने की प्रेरणा दी।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक थानगांव, महमूदाबाद, बिसवां, सदरपुर, प्रतिसार निरीक्षक सहित क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के उपरांत पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी ने ज्येष्ठ मास के द्वितीय बड़े मंगलवार के अवसर पर पुलिस परिवार के साथ आम जनमानस को प्रसाद वितरित किया। साथ ही स्थानीय नागरिकों से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की।
पुलिस विभाग के अनुसार, थाना सदरपुर में विकसित की गई ये नई सुविधाएं महिलाओं की सुरक्षा, त्वरित शिकायत निस्तारण और बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होंगी।

