पेंशनर्ज की समस्याओं पर उठी आवाज, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए कल्याण नीति बनाने की भी मांग
फतेहपुर/06 May 2026/राज्य चीफ ब्यूरो विजय समयाल

विद्युत बोर्ड पेंशनर्ज फोरम हिमाचल प्रदेश इकाई फतेहपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक आज फतेहपुर के एक निजी पैलेस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीर सिंह ठाकुर ने की, जबकि मुख्य सलाहकार धर्मवीर कपूर, कुलजीवन डोगरा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में पेंशनर्ज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गी।

बैठक की शुरुआत में पिछले एक माह के दौरान दिवंगत हुए पेंशनर्ज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने उनके योगदान को याद करते हुए शोक व्यक्त किया।
बैठक में विद्युत बोर्ड प्रबंधन से पेंशनर्ज के लंबित मामलों को तुरंत निपटाने की मांग उठाई गई। सदस्यों ने कहा कि पेंशन बकाया, ग्रेच्युटी और अवकाश नकदीकरण सहित सभी देयकों का शीघ्र भुगतान किया जाए, ताकि पेंशनर्ज को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

रिक्त पद भरने की उठी मांग
बैठक में विद्युत बोर्ड में रिक्त पदों, विशेषकर तकनीकी कर्मचारियों के पदों को जल्द भरने की मांग भी जोरशोर से उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की कमी के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है, जिसे समय रहते रोकना आवश्यक है।

आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति बनाने की मांग
पेंशनर्ज फोरम ने आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए एक व्यापक कल्याण नीति बनाने की मांग भी उठाई। सदस्यों ने कहा कि ऐसे कर्मचारियों के शोषण को रोकने और उन्हें उचित सुविधाएं प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। बैठक मे कुलजीवन डोगरा (इकाई सचिव), कृपाल सिंह (जिला कार्यकारिणी सदस्य), राम लाल (जिला कार्यकारिणी सदस्य), सुदेश कुमारी (उपाध्यक्ष), धर्मवीर कपूर (मुख्य सलाहकार) और वीर सिंह ठाकुर (वरिष्ठ उपाध्यक्ष) ने संबोधित किया और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

