सिरमौर ,04 May 2026/ जिला सिरमौर चीफ़ ब्यूरो कपिल शर्मा

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित पवित्र चोटी चूड़धार में एक बार फिर मौसम ने अपना रौद्र रूप दिखाया है। आज यहां 8 से 9 इंच तक ताज़ा बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि खबर लिखे जाने तक लगातार हिमपात जारी है।करीब 11,965 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस क्षेत्र में तापमान में भारी गिरावट आई है
, जिससे कड़ाके की ठंड के साथ-साथ रास्तों में फिसलन का खतरा भी काफी बढ़ गया है। खराब मौसम के चलते यहां स्थित चूड़धार मंदिर की सराय अभी तक नहीं खुल पाई है, जिससे श्रद्धालुओं को ठहरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ढाबा संचालक माया राम पुंडीर (तिसरी) ने बताया: लगातार बर्फबारी के कारण रास्तों में मोटी बर्फ जम गई है। चलना बेहद मुश्किल हो गया है।
जो श्रद्धालु यात्रा की योजना बना रहे हैं, वे पूरी तैयारी के साथ आएं—गर्म कपड़े, रेनकोट और जरूरी सामान जरूर साथ रखें। फिलहाल हालात ठीक नहीं हैं, इसलिए यात्रा टालना ही बेहतर होगा।”
प्रशासन और स्थानीय लोगों ने भी श्रद्धालुओं से अपील की है कि खराब मौसम में चूड़धार की यात्रा से फिलहाल बचें, क्योंकि वर्तमान परिस्थितियों में यह यात्रा जोखिम भरी बनी हुई है।

