News India Aaj Tak,29/04/2026/ संपादक राम प्रकाश वत्स
29 अप्रैल 2026 को हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री दिग्विजय मल्होत्रा (अधिवक्ता) एवं श्री विजय डोगरा (अधिवक्ता) ने जिला कांगड़ा के नूरपुर क्षेत्र अंतर्गत जाच्छ गांव का दौरा कर स्थानीय समस्याओं का जायजा लिया। यह दौरा ग्रामवासियों द्वारा पूर्व में आयोग के समक्ष उठाए गए मुद्दों के संदर्भ में विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा।

दौरे के दौरान आयोग के सदस्यों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और मौके की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया। इसके उपरांत समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामवासियों के साथ-साथ उद्यान विभाग, एनडीआरएफ तथा राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा की गई और समाधान के लिए आवश्यक कदमों पर विचार-विमर्श किया गया।

ग्राम जाच्छ की सबसे गंभीर समस्या एंबुलेंस मार्ग की अनुपलब्धता रही, जो कई वर्षों से ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा न मिल पाने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस विषय को आयोग ने अत्यंत गंभीरता से लिया और संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयोग के सदस्यों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एंबुलेंस मार्ग के निर्माण सहित अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि ग्रामी थेणों को राहत मिल सके। इस दौरे से ग्रामवासियों में उम्मीद जगी है कि उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान अब जल्द संभव हो पाएगा।

