मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu
FEATHPUR (SHIMLA) 20 APRIL 2026/ S, C. B; VIJAY SAMYAL
हिमाचल प्रदेश की सियासत में मंगलवार को फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र खासा केंद्र बिंदु रहने वाला है, जब मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu अपने तय कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरे को विकास और राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री एक साथ कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, साथ ही जखबड़ में जनसभा को संबोधित कर सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता के बीच रखेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11:00 बजे वजीर राम सिंह स्टेडियम स्थित हेलिपैड पर उतरेंगे। इसके तुरंत बाद 11:10 बजे वे मिनी सचिवालय फतेहपुर पहुंचेंगे, जहां लंबे समय से प्रतीक्षित मिनी सचिवालय भवन का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र से जुड़ी अन्य विकास योजनाओं का शिलान्यास भी उनके हाथों संपन्न होगा, जिससे प्रशासनिक ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला सथाना (भंठ) की ओर रवाना होगा, जहां दोपहर 12:30 बजे ब्यास नदी पर प्रस्तावित 800 मीटर लंबे पुल का भूमिपूजन किया जाएगा। यह पुल संसारपुर टैरेस और सथाना को जोड़ने वाला एक रणनीतिक प्रोजेक्ट है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नया आयाम मिलने की संभावना है। इसी मौके पर शहीद स्मारक फतेहपुर, कोडू बेला से पराल वाया जट्ट बेली सड़क, पालाख से चरुरी, मलहारी से दुहाग, फतेहपुर से बदियाली वाया कुंडियाल, थेरू, सुनेट सहित कई सड़कों के निर्माण कार्यों तथा आदर्श स्वास्थ्य संस्थान फतेहपुर के विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया जाएगा।
राजनीतिक दृष्टि से इस दौरे का सबसे अहम पड़ाव जखबड़ में होने वाली जनसभा को माना जा रहा है। दोपहर 1:00 बजे आयोजित इस रैली में मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि वे यहां सरकार की उपलब्धियों, आगामी योजनाओं और विपक्ष पर राजनीतिक प्रहार के जरिए माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। यह जनसभा आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 2:00 बजे पौंग डैम स्थित टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के अंत में वे अपराह्न 3:30 बजे फतेहपुर हेलिपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा जम्मू के लिए रवाना होंगे।प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर जनसभा स्थल तक हर स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

