महमूदाबाद (सीतापुर)15 Aproi 2026/चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
तहसील महमूदाबाद के विकासखंड रामपुर मथुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मितौरा के मजरा अहिरनपुरवा में एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी लालजी यादव की पत्नी सुबह अपने पति के लिए नाश्ता लेकर खेत पर पहुंची थीं, जहां लालजी यादव मेंथा फसल की सिंचाई कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि सिंचाई के दौरान बोरिंग से निकल रहे पानी को नियंत्रित करने के लिए महिला इंजन के पास पहुंचीं। इसी दौरान उनकी साड़ी इंजन के पंखे की कपलिंग में फंस गई। अचानक हुए इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ले जाने लगे, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार की सहायता की मांग की है।

