प्रशासन ने जारी की चेतावनी
पौंगबांध (शिमला) 23 मार्च 2026 राज्य ब्यूरो चीफ विजय समयाल
क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक सूचना जारी की है। जानकारी के अनुसार, पंजाब के जिला होशियारपुर स्थित मुकेरियां हाइडल चैनल (MHC) को 23 मार्च 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक मरम्मत कार्यों के चलते बंद रखा जाएगा।प्रशासन के अनुसार इस अवधि के दौरान पोंग डैम पावर हाउस से छोड़ा जाने वाला लगभग 16,000 से 17,000 क्यूसेक पानी शाह नहर बैराज के माध्यम से सीधे ब्यास नदी में प्रवाहित किया जाएगा।
इससे ब्यास नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई गई है। विशेषकर पीक आवर्स के दौरान स्थिति अधिक संवेदनशील हो सकती है।अधिकारियों ने बताया कि पानी का प्रवाह बढ़ने के कारण नदी किनारे के निचले इलाकों में जोखिम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में प्रशासन ने आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को नदी के किनारों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि के दौरान नदी तल में किसी भी प्रकार की गतिविधि—जैसे नहाना, पशु चराना, रेत निकालना या वाहन ले जाना—पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही ग्रामीणों से अपने पशुओं को भी नदी क्षेत्र में न जाने देने को कहा गया है।
प्रशासन का कहना है कि संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए प्रशासन ने निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।

