न्यूज इंडिया आजतक, सूत्र
शिमला में हाल ही में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर शिमला पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी किया है। पुलिस ने कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे संबंधित पुलिस कर्मी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना पर गहरा खेद व्यक्त करते हुए विभाग ने स्पष्ट किया कि वह मीडिया के साथ बेहतर समन्वय और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
पुलिस ने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समाज में पारदर्शिता और जनता तक सही जानकारी पहुंचाने में पत्रकारों का योगदान अहम है, जिसका विभाग सम्मान करता है। प्रेस की स्वतंत्रता को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताते हुए जिम्मेदार पत्रकारिता को जरूरी बताया गया।
साथ ही, पुलिस ने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिस और मीडिया दोनों को आपसी सम्मान, धैर्य और पेशेवर आचरण बनाए रखना चाहिए। अंत में, सभी से जनसेवा, कानून-व्यवस्था और सूचनाओं के जिम्मेदार प्रसार के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की गई।

