कार्यकाल पूरा होने के बाद भी एक ही पद पर जमे अधिकारी, जनता में उठ रहे सवाल
शिमला/01 मार्च 2026/ राज्य ब्यूरो चीफ विजय समयाल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले शहर धर्मशाला में राजस्व विभाग के एक अधिकारी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। आरोप है कि निर्धारित कार्यकाल पूरा होने के बावजूद उक्त अधिकारी अब भी उसी अहम पद पर बने हुए हैं। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इस अधिकारी पर सरकार इतनी मेहरबान क्यों है?
जानकारी के अनुसार, कई बार तबादले की चर्चाएं होने के बावजूद अधिकारी अब तक धर्मशाला से अन्य स्थान पर स्थानांतरित नहीं हुए। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि आखिर किस राजनीतिक संरक्षण के चलते यह अधिकारी वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत है। आमजन यह भी सवाल उठा रहे हैं कि कहीं यह मामला जमीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़ा तो नहीं, क्योंकि धर्मशाला विश्व मानचित्र पर अपनी अलग पहचान रखता है और यहां की जमीनों में नेताओं व रसूखदारों की खास दिलचस्पी देखी जाती रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि राजस्व विभाग में आम लोगों के कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। कई बार कार्यालय जाने पर संबंधित अधिकारी अनुपस्थित मिलते हैं, जिससे लोगों को बार-बार चक्कर काटने पड़ते हैं। लोगों का आरोप है कि महत्वपूर्ण पद पर लंबे समय तक जमे रहने से पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि सरकार इन उठते सवालों पर क्या जवाब देती है और क्या प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर स्थिति स्पष्ट करेगा। फिलहाल, धर्मशाला में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।

