सेना दिवस पर सैनिकों का साहस और देशभक्ति का जज़्बा
नई दिल्ली, 15 जनवरी 2026 Sampadan Ram Parkash Vats
सेना दिवस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सेना के अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा को नमन करते हुए वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा की वह मजबूत ढाल है, जो हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करती है।प्रधानमंत्री ने सशस्त्र बलों के साहस, आत्मविश्वास और कर्तव्यपरायणता की शाश्वत भावना की सराहना करते हुए एक संस्कृत सुभाषितम साझा किया, जो सैनिकों के त्याग और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारे जवान निस्वार्थ सेवा के सर्वोच्च आदर्श हैं, जिनका जीवन देश के लिए समर्पित रहता है।
एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अलग-अलग संदेश साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा,
“सेना दिवस के अवसर पर हम भारतीय सेना के साहस और दृढ़ प्रतिबद्धता को सलाम करते हैं।”उन्होंने आगे कहा कि भारतीय सैनिक अत्यंत विषम परिस्थितियों में भी अडिग रहकर देश की रक्षा करते हैं। कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा और बलिदान पूरे देश में विश्वास, सुरक्षा और कृतज्ञता की भावना को सुदृढ़ करता है।प्रधानमंत्री ने उन वीर सपूतों को विशेष रूप से नमन किया जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सदैव अपने शहीदों और उनके परिवारों का ऋणी रहेगा।

