तपोवन धर्मशाला/चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में बुधवार का दिन खासा गरम रहा। नियम 130 के तहत प्राकृतिक आपदा पर चल रही चर्चा के दौरान फतेहपुर के विधायक और राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने विपक्ष पर तीखा वार करते हुए भाजपा के अंदर चल रहे अंतर्विरोधों, वैचारिक अव्यवस्था और दोहरे आचरण को जमकर निशाने पर लिया।पठानिया ने कहा कि प्रदेश अभूतपूर्व प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है, लेकिन विपक्ष मुद्दों की गंभीरता को समझने के बजाय राजनीतिक लाभ-हानि के गणित में उलझा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के भीतर पाँच गुट सक्रिय हैं, जिनमें तालमेल का अभाव विधानसभा के भीतर और बाहर दोनों जगह साफ नज़र आता है।
विधानसभा में आपदा पर बहस—
बाहर पंचायत चुनाव की ज़िदनियम 130 की चर्चा पर बोलते हुए विधायक पठानिया ने कहा कि भाजपा सदन के अंदर तो प्राकृतिक आपदा पर गम्भीरता का दिखावा करती है, मगर सदन से बाहर निकलते ही ठीक विपरीत बयान देकर पंचायत चुनाव करवाने की ज़िद करती है।उन्होंने कहा—प्रदेश में डिज़ास्टर एक्ट लागू है, मुख्यमंत्री स्वयं स्थिति की गंभीरता बता रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भाजपा यह प्रचारित कर रही है कि “प्रदेश में सब कुछ सामान्य है”। पठानिया ने कहा कि यह रवैया भाजपा की मानसिक और वैचारिक उलझन का प्रमाण है।
भाजपा की वैचारिक टूट
पाँच गुटों का कोई तालमेल नहींफतेहपुर विधायक ने कहा कि हिमाचल भाजपा फिलहाल पाँच धड़ों में बंटी नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के अंदर ही सामंजस्य नहीं है, तो जनता के मुद्दों पर एकजुटता की उम्मीद करना बेमानी है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष की इस असहज स्थिति का असर उनके राजनीतिक व्यवहार और बयानबाज़ी में साफ दिखाई दे रहा है।
पठानिया का प्रहार—“यही है भाजपा का दोहरा चरित्र”
भवानी पठानिया ने सदन में अपने वक्तव्य के दौरान स्पष्ट कहा—“विपक्ष की वैचारिक हालत ऐसी हो चुकी है कि पाँच गुट बन गए हैं… सदन के भीतर प्राकृतिक आपदा पर चर्चा कर रहे हैं, और बाहर जाकर पंचायत चुनाव करवाने की ज़िद कर रहे हैं। जब डिज़ास्टर एक्ट लगा है तो ये कैसे कह रहे हैं कि प्रदेश में सबकुछ ठीक है? यही इनका दोहरा चरित्र है।
”कांग्रेस सरकार राहत कार्यों में जुटी—विपक्ष राजनीति ढूंढने में: पठानिया
अपने संबोधन में पठानिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार हाल की प्राकृतिक आपदा में प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास देने पर प्राथमिकता के आधार पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री राहत वितरण, पुनर्निर्माण और प्रभावित क्षेत्रों की बहाली को लेकर निरंतर सक्रिय हैं।इसके विपरीत, उनका कहना था कि भाजपा इस चुनौतीपूर्ण समय में भी सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है और लोगों की पीड़ा को चुनावी मुद्दा बनाने में व्यस्त है।
अंत में विधायक भवानी पठानिया ने विपक्ष से आग्रह किया कि प्रदेश के कठिन हालात को राजनीति का माध्यम न बनाकर राहत कार्यों में सहयोग करें, क्योंकि जनता हित में एकजुटता ही वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

