मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दी बधाई, कहा — “हिमाचल को आप पर गर्व है”
शिमला, 12 नवम्बर, न्यूज़ इंडिया आजतक /संपादक राम प्रकाश वत्स
हिमाचल प्रदेश के एथलेटिक कोच बलवीर सिंह ने एशियन मास्टर्स गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से न केवल हिमाचल बल्कि पूरे भारत को गर्व की अनुभूति हुई है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बलवीर सिंह को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि बलवीर सिंह ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से यह सिद्ध किया है कि हिमाचल की प्रतिभा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलवीर सिंह न केवल एक कुशल खिलाड़ी हैं, बल्कि एक प्रेरक कोच के रूप में भी युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार कर रहे हैं। उनके प्रयासों से हिमाचल के कई युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
राज्य सरकार ने कहा है कि खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए प्रदेश में बेहतर सुविधाएँ और प्रशिक्षण संस्थान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि हिमाचल के और अधिक खिलाड़ी भविष्य में देश का नाम रोशन कर सकें।बलवीर सिंह की इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लगन और मेहनत हो, तो पहाड़ों से भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता की राह बनाई जा सकती है।

