महमूदाबाद (सीतापुर)27/10/2025 /प्रदेश चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन
सदरपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया जब असलहेधारी बदमाशों ने कार सवार महिलाओं को रोककर उनके सोने के जेवर लूट लिए। घटना की सूचना पर मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया, वहीं एएसपी उत्तरी और क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया

जानकारी के अनुसार, सरैया के बृजवासिनी इलाके की चार महिलाएं — शिवानी, मनोरमा, काजल और सोनी — कार से रूसहड़ गांव में नृत्य कार्यक्रम में भाग लेने जा रही थीं। इसी दौरान नहर पटरी के बाएं हिस्से पर पेड़ की डाल पड़ी देखकर चालक ने कार रोकी। तभी अचानक झाड़ियों में छिपे चार असलहेधारी बदमाश निकल आए और महिलाओं को धमकाते हुए उनके सोने के जेवरात लूट लिए।
बताया जा रहा है कि लूटे गए जेवरों की कीमत करीब आठ से दस लाख रुपए के बीच है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बदमाश मौके से फरार हो गए।सूचना मिलते ही सदरपुर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले की जानकारी पर एएसपी उत्तरी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।सीओ वेद प्रकाश ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है, जांच जारी है और बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है।

