हिमाचल में तबादला प्रक्रिया हुई सख्त, पारदर्शिता पर जोर
शिमला- हिमाचल प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के तबादलों को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब तबादले कर्मचारी की पिछली तीन पोस्टिंग, कार्यकाल और वर्तमान स्टेशन की श्रेणी के आधार पर ही होंगे। कार्मिक विभाग ने 2013 के मार्गदर्शक सिद्धांतों में नया प्रावधान जोड़ते हुए अधिसूचना जारी की है। आवेदन के साथ परफार्मा जमा करवाना अनिवार्य किया गया है। बिना परफार्मा के जारी तबादला आदेश अवैध माने जाएंगे। आदेशों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
हिमाचल में 86 स्कूलों का चयन, अब पढ़ाई होगी CBSE पैटर्न पर
शिमला : हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिक्षा सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 86 स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर संचालित करने के लिए चुना है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि अगले सत्र से प्रथम चरण में 100 स्कूल इस पैटर्न पर चलेंगे। इन स्कूलों के भवन और विद्यार्थियों की वर्दी का रंग अलग होगा। साथ ही छात्रों के लिए मैस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें पौष्टिक भोजन मिल सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शेष स्कूलों के मानक शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
मंडी में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज
मंडी जिले में पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। कुल 555 पंचायतों, 36 जिला परिषद वार्डों और 270 बीडीसी सीटों के लिए प्रतिनिधि चुने जाएंगे। चुनाव की आधिकारिक घोषणा भले ही बाकी हो, लेकिन संभावित उम्मीदवार प्रचार में जुट गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर पोस्टर और प्रचार संदेशों से माहौल गर्म है। इस बार चार पंचायतें कम हुई हैं, जबकि तीन नए विकास खंड बने हैं। मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित हो चुका है और संशोधन प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी ताकि मतदान समय पर संपन्न हो सके।
कोटला में पुलिस ने बरामद की 44 ग्राम चरस, आरोपी गिरफ्तार
संसारपुर टैरस। थाना संसारपुर टैरस पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान कोटला क्षेत्र में एक गाड़ी से 44 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस टीम ने शक के आधार पर गाड़ी (नं. HP-67A-5786) की तलाशी ली, जिसमें सवार हरजीत सिंह (53), निवासी शावा, जिला गुरदासपुर (पंजाब) से चरस मिली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से नशा तस्करी के संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
हिमाचल की गतका टीम दिल्ली रवाना, पहली बार लड़कियों की टीम भी करेगी हिस्सा
सोलन। हिमाचल प्रदेश की गतका टीम आज 9वीं गतका नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गई। टीम में खुशनूर सिंह, राजवंश सिंह, अगमजीत सिंह सहित बडू साहिब, पौंटा साहिब और कांगड़ा डाडासीबा से शौर्य कंवर, अभिनव कौशल व सक्षम वर्मा शामिल हैं। इस बार प्रदेश से पहली बार लड़कियों की टीम भी नेशनल में हिस्सा ले रही है।गतका कोच अर्शदीप सिंह टीम के साथ दिल्ली रवाना हुए। गतका खेल पंजाब की पारंपरिक विरासत से जुड़ा आत्मरक्षा का खेल है। गतका एसोसिएशन के अध्यक्ष शुभकरण सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष खेलो इंडिया प्रतियोगिता में हिमाचल के एक खिलाड़ी ने कांस्य पदक जीता था। इस बार राज्य के विभिन्न आयु वर्गों के कुल 39 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में मंडी लोकसभा चुनाव विवाद
शिमला: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद कंगना रनौत के चुनाव को चुनौती देने वाली याचिका पर 30 अक्तूबर को मुद्दे तय करने का निर्णय लिया है। कोर्ट ने कहा कि इसके बाद तय मुद्दों को साबित करने का जिम्मा संबंधित पक्ष पर होगा। इससे पहले अतिरिक्त रजिस्ट्रार (न्यायिक) के समक्ष दस्तावेजों की स्वीकृति-अस्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करवाई गई।यह याचिका लायक राम नेगी ने दायर की है, जिन्होंने आरोप लगाया कि उनका नामांकन पत्र अनुचित तरीके से अस्वीकृत किया गया। प्रार्थी ने रिटर्निंग ऑफिसर जिलाधीश मंडी को भी प्रतिवादी बनाया है। नेगी का दावा है कि उन्होंने 14 मई, 2024 को नामांकन पत्र और आवश्यक नो ड्यू सर्टिफिकेट सौंपे, लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। कोर्ट ने दोनों पक्षों की सहमति से 30 अक्तूबर को मुद्दे तय करने के आदेश दिए।

