महमूदाबाद सीतापुर/ 30 सितम्बर 2025 राज्य चीफ़ ब्यूरो Anuj Kumar Jain
सीतापुर। सक्षम संस्था की ओर से नेत्रदान का कार्य लगातार जारी है। संस्था के मीडिया प्रभारी विकास अग्रवाल ने बताया कि प्रेम नगर निवासी योगेश नरूला (55 वर्ष, पिता – महेंद्र शाह नरूला) का निधन हो गया था। निधन के बाद उनके भाइयों जगदीश नरूला एवं पम्मी नरूला ने सक्षम संस्था से संपर्क कर नेत्रदान करवाने की इच्छा जताई।
संस्था के अध्यक्ष संदीप भरतीया ने तत्काल आंख अस्पताल सीतापुर के डॉक्टर अरुणेश मिश्रा से संपर्क किया और उनकी टीम को योगेश नरूला के निवास स्थान पर भेजा गया। डॉक्टरों ने एक छोटे से ऑपरेशन द्वारा दोनों कॉर्निया सुरक्षित कर आई बैंक में रख दी हैं, जिन्हें दो जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क प्रत्यारोपित किया जाएगा।
संस्था के महामंत्री मुकेश अग्रवाल ने कहा कि “स्वर्गीय नरूला जाते-जाते दो लोगों के जीवन में हमेशा के लिए रोशनी दे गए हैं। योगेश नरूला ने दुनिया छोड़ी, पर रोशनी नहीं – उनकी आंखों से अब किसी और का सवेरा होगा।”
संस्था के अक्षत अग्रवाल ने कहा कि ऐसा परिवार धन्य है, जिसने विपदा की घड़ी में भी संयम रखते हुए नेत्रदान किया। वहीं सुभाष अग्निहोत्री ने कहा कि “जिसने नेत्रदान किया उसने अंधेरे से नाता तोड़ा और इंसानियत को उजाला दिया।”
विकास अग्रवाल ने बताया कि यह 267वां नेत्रदान है। उन्होंने कहा कि किसी भी उम्र का व्यक्ति नेत्रदान कर सकता है। यह एक बहुत ही सामान्य व छोटी प्रक्रिया है जिसमें पूरी आंख नहीं, बल्कि केवल पुतली के ऊपर स्थित कॉर्निया ही लिया जाता है।

