Reading: एनएसएस केवल गतिविधि नहीं, जीवन जीने की भी सीख : दिलावर सिंह

एनएसएस केवल गतिविधि नहीं, जीवन जीने की भी सीख : दिलावर सिंह

RamParkash Vats
3 Min Read

एनएसएस से युवाओं में पैदा होती है समाज सेवा की भावना : सुध

शिक्षा खंड फतेहपुर के अंतर्गत आदर्श ज्ञान पब्लिक स्कूल धौलपुर में विद्यालय प्रबंधन की ओर से राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत सात दिवसीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में ग्राम पंचायत टटवाली के प्रधान दिलावर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान स्वयंसेवियों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए समाज को जागरूक किया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान दिलावर सिंह ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की भी सीख है। इस तरह के शिविर युवाओं को समाज सेवा की वास्तविक भावना से जोड़ते हैं और उन्हें देश के जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने स्वयंसेवियों से आह्वान किया कि शिविर के दौरान सीखी गई बातों को अपने दैनिक जीवन में भी अपनाएं।

उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी में अपार ऊर्जा और क्षमता है, जिसे सही दिशा देने की आवश्यकता है। एनएसएस जैसे कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन और सामाजिक भागीदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशा उन्मूलन और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया।

वहीं, सुधीर शर्मा ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना पैदा होती है। ऐसे शिविर विद्यार्थियों को समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में अपनी भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करते हैं।

विद्यालय में आयोजित इस सात दिवसीय शिविर के दौरान विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रभात फेरी, योग सत्र, विशेष अतिथि व्याख्यान, एनएसएस के उद्देश्य एवं महत्व पर चर्चा तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं।

शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना है। एनएसएस का मूल मंत्र ‘Not Me But You’ (स्वयं नहीं, अपितु तुम) समाज सेवा और दूसरों के प्रति समर्पण की भावना को दर्शाता है।

इन गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवियों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस मौके पर विद्यालय का समस्त स्टाफ विशेष रूप से उपस्थित रहा।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!