राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर में आपदा प्रबंधन पर संगोष्ठी एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन, 20 विद्यार्थियों ने लिया भाग

नूरपुर:राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर की आपदा प्रबंधन समिति की ओर से महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन विषय पर संगोष्ठी, नारा लेखन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं, उनके कारणों, बचाव के उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के तरीकों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान भूगोल विभाग के सहायक आचार्य डॉ. सत्य प्रकाश ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक एवं अन्य प्रकार की आपदाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भौगोलिक परिस्थितियों, पर्यावरणीय कारकों और मानवीय गतिविधियों के कारण आपदा का जोखिम अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग हो सकता है। ऐसी परिस्थितियों में समय रहते तैयारी करना और सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि आपदा के दौरान होने वाले जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए जागरूकता, पूर्व तैयारी, समय पर चेतावनी और प्रभावी प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने आपदा जोखिम न्यूनीकरण के विभिन्न उपायों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में संयम बनाए रखना, सुरक्षित स्थानों की पहचान करना और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक है।
संगोष्ठी के बाद पोस्टर मेकिंग एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के 20 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने आपदा प्रबंधन, सुरक्षा जागरूकता और जोखिम कम करने के उपायों से संबंधित विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में कैडेट अंजलि ने प्रथम, कैडेट कीर्ति ने द्वितीय तथा कैडेट वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को पुस्तकों के रूप में पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन की जानकारी केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन में भी अपनाना चाहिए। जागरूक और प्रशिक्षित नागरिक आपदा के समय स्वयं की सुरक्षा करने के साथ-साथ दूसरों की सहायता करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में आपदा प्रबंधन समिति के संयोजक कैप्टन सुरजीत कुमार ने अतिथियों, प्रतिभागियों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य प्रो. सुरजीत सिंह एवं प्रो. शिव कुमार भी उपस्थित रहे।महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन की बारीकियों को समझने, संभावित जोखिमों के प्रति सजग रहने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।

