Reading: ऑपरेशन पवन की 40वीं वर्षगांठ पर नूरपुर पहुंचा सेना का साइक्लिंग दल, भारत माता के जयकारों से गूंजा स्कूल

ऑपरेशन पवन की 40वीं वर्षगांठ पर नूरपुर पहुंचा सेना का साइक्लिंग दल, भारत माता के जयकारों से गूंजा स्कूल

RamParkash Vats
3 Min Read

ऑपरेशन पवन की 40वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में भारतीय सेना की 26 पंजाब यूनिट की ओर से निकाला गया करीब 1,040 किलोमीटर लंबा साइक्लिंग अभियान नूरपुर पहुंचा। नूरपुर पहुंचने पर नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब और नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा) की ओर से सेना के साइक्लिंग दल का स्वागत किया गया। इस दौरान नूरपुर पब्लिक स्कूल में ‘ज्वाइन इंडियन आर्मी इंटरैक्शन प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सेना की कार्यप्रणाली, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक करना रहा।

विद्यार्थियों ने जयकारों और पुष्पवर्षा से किया जवानों का स्वागत

सेना के साइक्लिंग दल के स्कूल परिसर में पहुंचते ही विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘इंडियन आर्मी जिंदाबाद’ के नारों के साथ जवानों का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने जवानों पर पुष्पवर्षा भी की। स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर अरविंद डोगरा और स्टाफ ने सेना के जवानों को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान पूरा स्कूल परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। दल के इंचार्ज कैप्टन अनीश एम. ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए साइक्लिंग अभियान के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने का संदेश दिया और सेना में अनुशासन, साहस, फिटनेस तथा समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला।

सेना से सीधे संवाद युवाओं के लिए प्रेरणादायक : राजीव पठानिया

नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब के अध्यक्ष राजीव पठानिया ने सेना के साइक्लिंग दल का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान युवाओं में देशभक्ति के साथ अनुशासन, फिटनेस, साहस और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सेना के जवानों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलना उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर अरविंद डोगरा और प्रिंसिपल अनमोल डोगरा का आभार जताया। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ, निफा सदस्य दीपक वालिया, नूरपुर ब्लड डोनर्स क्लब के सदस्य स्वर्ण राणा, वरुण पठानिया, कुलजीत, विशाल, कुलदीप सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर ऑपरेशन पवन के दौरान भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान को याद करते हुए युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!