माल्यार्पण कर स्मृतिचिह्न व अभिनंदन पत्र भेंट किया

पुलिस विभाग में स्थानांतरण एक निर्धारित प्रक्रिया है, लेकिन किसी अधिकारी का करीब दो वर्ष तक एक ही स्थान पर सफलतापूर्वक सेवा देना और इस दौरान जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाना अपने आप में खास उपलब्धि है। महमूदाबाद में करीब दो वर्ष की सराहनीय सेवा के बाद सिधौली स्थानांतरित हुए पुलिस उपाधीक्षक वेद प्रकाश श्रीवास्तव के विदाई समारोह में वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की जमकर सराहना की।

सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन आरके वाजपेयी विरल ने कहा कि सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने जनता के बीच रहकर खाकी का इकबाल बुलंद रखने के साथ ही मित्र पुलिसिंग की अवधारणा को साकार किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारी बहुत कम होते हैं, जो जनता के दिलों में अपनी जगह बनाने में सफल होते हैं। सीओ ने कभी पक्ष-विपक्ष अथवा अमीर-गरीब का भेद किए बिना निष्पक्षता के साथ कार्य किया और सदैव सत्य का साथ देते हुए न्यायोचित कार्रवाई को प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में स्थानांतरण एक सतत प्रक्रिया है, लेकिन सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव का महमूदाबाद में कार्यकाल बेहद सराहनीय और यादगार रहा। उनके कार्यकाल में नगर पालिका के उपचुनाव को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के साथ ही विभिन्न जुलूसों और शोभायात्राओं को भी शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया।

विदाई समारोह में उपस्थित लोगों ने सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया तथा स्मृतिचिह्न और अभिनंदन पत्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान माहौल भावुक हो गया और लोगों ने उनके सरल व्यवहार, निष्पक्ष कार्यशैली तथा जनसरोकारों से जुड़े कार्यों को याद किया।

कार्यक्रम में कॉलेज के डिप्टी मैनेजर आंजनेय आशीष, वागीश दिनकर, यूपी वर्किंग जनरलिस्ट यूनियन के अनुज कुमार जैन, संतोष पांडेय, रामनिवास गुप्ता, एप्जा पत्रकार संघ के प्रदीप सिंह, अर्पित शुक्ला, अवध पत्रकार संघ के श्रीश रस्तोगी, आयुष जैन, दीपक गुप्ता, धीरेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्काउट ट्रेनर अनिल बंशवार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन इरफान मंसूरी ने किया।
स्थानांतरण के अवसर पर सभी ने सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की।

