नूरपुर पुलिस का दो टूक संदेश—जांच में दोषी पाए गए लोगों पर होगी कड़ी कार्रवाई, किसी को नहीं मिलेगा संरक्षण
जसूर सब्जी मंडी में वारदात से मचा हड़कंप, नूरपुर पुलिस ने तेज की जांच; दोषियों को नहीं बख्शने का भरोस
हथियार के बल पर युवक को ले जाने और मारपीट का आरोप, आंख पर गंभीर चोट; कई लोगों के नाम जांच के घेरे में
संसदीय क्षेत्र कांगड़ा-चंबा से चीफ रिपोर्टर — विनय महाजन

नूरपुर: हिमाचल प्रदेश में असामाजिक तत्वों के बढ़ते हौसले और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटनाओं के बीच जसूर सब्जी मंडी से एक युवक के कथित तौर पर पिस्तौल की नोक पर अपहरण का मामला सामने आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हथियार के बल पर युवक को उठाकर ले जाने की घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को झकझोर दिया, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, जसूर सब्जी मंडी से लतीफ खान नामक युवक को कथित रूप से हथियार के बल पर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मामले में गुलजार, सलीम, अब्बू, जुम्मादीन, श्यामू, निषाद सहित कुछ अन्य लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि, इन सभी की भूमिका अभी पुलिस जांच का विषय है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
आंख पर गंभीर चोट लगने की सूचना
घटना के बाद लतीफ की आंख पर गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसका मेडिकल करवाया गया है। चोटों की वास्तविक स्थिति और घटना के दौरान क्या हुआ, इसका पता पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही चल सकेगा।लतीफ के पिता आलमगीर दिहाड़ी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिवार में भय और चिंता का माहौल है। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
नूरपुर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 127(2), 133 तथा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों, आरोपियों की भूमिका, घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
पुलिस का सख्त संदेश
मामले को लेकर एडिशनल एसपी डीसी वर्मा ने कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता के साथ जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।जसूर सब्जी मंडी जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थान से दिनदहाड़े हथियार के बल पर युवक को कथित तौर पर उठाकर ले जाने की घटना ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि इस वारदात के पीछे वास्तविक कारण क्या था, घटना में कितने लोग शामिल थे और युवक के साथ वास्तव में क्या हुआ। पुलिस द्वारा जुटाए जा रहे साक्ष्यों और जांच के निष्कर्ष से ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

