वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय, देहरी के जीव विज्ञान, वनस्पति विज्ञान एवं रसायन विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘राष्ट्रीय पोषण सप्ताह’ का आज 5 सितंबर 2026 को ‘आयुर्वेद, आधुनिक जीवनशैली और युवाओं का आहार’ विषय पर आयोजित विशेष व्याख्यान के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ।

महाविद्यालय के स्मार्ट क्लासरूम में प्रातः 10:30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में आयुष मेडिकल ऑफिसर डॉ. ऋचा शर्मा, आयुष आरोग्य मंदिर, ढसोली ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आधुनिक जीवनशैली में संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खान-पान तथा जंक फूड के बढ़ते सेवन का युवाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में आयुर्वेद में वर्णित आहार-विहार की स्वस्थ परंपराओं को दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली विकसित की जा सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्थानीय एवं प्राकृतिक खाद्य पदार्थों के सेवन, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए उचित पोषण अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अंतर्गत सप्ताहभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को कार्यकारी प्राचार्या डॉ. कामाक्षी लुंबा द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए बधाई दी तथा स्वस्थ जीवनशैली एवं पोषण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी प्राचार्या डॉ. कामाक्षी लुंबा ने मुख्य वक्ता डॉ. ऋचा शर्मा का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के साथ महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारी साझा करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर प्रो विकास भसीन, डॉ शिवानी, प्रो रेखा और डॉ सुरेंद्र कुमार एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सप्ताहभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में संतुलित आहार, पोषण, स्वस्थ जीवनशैली एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के साथ ही महाविद्यालय में ‘राष्ट्रीय पोषण सप्ताह’ का उत्साहपूर्ण एवं सार्थक समापन हुआ।

