न्यूज इंडिया आजतक—-अवैध खनन पर नूरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन
नूरपुर, 11 जुलाई 2026 | न्यूज इंडिया आजतक | S, C .B. VIJAY SAMYAL
अवैध खनन के खिलाफ पुलिस जिला नूरपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने ब्यास नदी के रे पत्तन क्षेत्र में अवैध खनन में प्रयुक्त Kobelco 220 पोकलेन (Excavator) मशीन को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान चालक और अन्य वाहन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10/11 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि को उपमंडल पुलिस अधिकारी जवाली, क्यूआरटी (QRT) टीम तथा खनन विभाग की संयुक्त टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान गांव रेय खास स्थित मैसर्ज भारत स्टोन क्रशर के समीप ब्यास नदी में एक पोकलेन मशीन अवैध खनन करती हुई पाई गई। उसी समय एक जेसीबी और एक टिप्पर भी नदी में प्रवेश करते दिखाई दिए।
संयुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी की, लेकिन पुलिस कार्रवाई को देखते ही तीनों वाहनों के चालक अपने वाहन मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
कुछ समय बाद जेसीबी और टिप्पर के मालिक मौके पर पहुंच गए, जिनके विरुद्ध खनन विभाग ने नियमानुसार कंपाउंडिंग की कार्रवाई की। वहीं, पोकलेन मशीन का कोई भी मालिक सामने नहीं आया, जिसके बाद पुलिस ने मशीन को कब्जे में लेकर थाना फतेहपुर पहुंचा दिया।
खनन निरीक्षक विनय कुमार की शिकायत पर थाना फतेहपुर में अभियोग संख्या 76/2026 दिनांक 11 जुलाई 2026 को अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329(3) एवं 303(2), खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1) तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 की धारा 15 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
पुलिस की चेतावनी
पुलिस जिला नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

