
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देवामानल में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रधानाचार्य द्वारा की गई। इस अवसर पर पंचायत प्रधान संगीता पुंडीर, उपप्रधान भीम देव तथा विद्यालय को गोद लेने वाले पूर्व चेयरमैन विजय सिंह पुंडीर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी अभिभावकों की मौजूदगी में पुरानी SMC कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। विद्यालय के समग्र विकास, विद्यार्थियों के हितों तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को ध्यान में रखते हुए नए पदाधिकारियों का चयन किया गया।
नई कार्यकारिणी में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त एवं पंचायत के पूर्व उपप्रधान अभिमन्यु पुंडीर को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया, जबकि रेणु को उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके अतिरिक्त 15 से 20 सदस्यों को समिति में शामिल किया गया है, जो विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में सहयोग प्रदान करेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए विद्यालय को गोद लेने वाले पूर्व चेयरमैन विजय सिंह पुंडीर ने कहा कि विद्यालय का विकास पूरे क्षेत्र के भविष्य और प्रगति से जुड़ा हुआ है। उन्होंने अभिभावकों और ग्रामीणों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।

