सिरमौर जिला भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष पृथ्वी सिंह
हरिपुरधार/21 जून 2026/ जिला ब्यूरो चीफ कपिल शर्मा
उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला के हरिपुरधार में प्रसिद्ध मां भंगायणी मेले के समापन समारोह की परंपरा को तार तार करते हुए तो मुख्यमंत्री हरिपुरधार नहीं आए परंतु गत दिवस एक निजी विवाह समारोह में शामिल होने के लिए हरिपुरधार के निकट टूटटी गांव पहुंच गए ।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने निजी दौरे पर जनता के पैसे का दुरुपयोग कर हेलीकॉप्टर के माध्यम से हरिपुरधार पहुंचे जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि मुख्यमंत्री को इस पिछड़े क्षेत्र के विकास की कोई चिंता नहीं है । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मात्र मित्र मंडली के पोषण में लगे हुए हैं ।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने शुरू से ही अपने मित्र मंडली के पोषण पर प्रदेश के वित्तीय संसाधनों का दुरुपयोग किया है और प्रदेश के विकास को हाशिये पर धकेल दिया है । भाजपा नेता ने कहा कि सिरमौर के लोगों ने मां भंगायणी मेला के दौरान परंपरा अनुसार समापन समारोह की अध्यक्षता के लिए मुख्यमंत्री को इस उम्मीद से आमंत्रित किया था कि वह इस इलाके के विकास के लिए कुछ घोषणाएं करेंगे परंतु मुख्यमंत्री ने हरिपुरधार आना भी उचित नहीं समझा।
पृथ्वी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र के विकास के लिए पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए सिविल हॉस्पिटल हरिपुरधार, विद्युत मंडल संगड़ाह और विद्युत उपमंडल हरिपुरधार जैसे अनेक सरकारी संस्थाओं को डीनोटिफाई करके बंद किया है जिससे इस क्षेत्र के विकास की उम्मीद पर पानी फेर दिया है । पृथ्वी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के इस तुगलकी रवैये का खामियाजा 2027 के विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।

