महमूदाबाद, सीतापुर चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद, सीतापुर। विश्व मानवाधिकार कानून एवं अपराध नियंत्रण ट्रस्ट भारत की एक महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय प्रशासनिक कार्यालय परिसर स्थित एम.एस.के.डी. पब्लिक स्कूल, मोहल्ला रमुवापुर, विकास क्षेत्र महमूदाबाद में आयोजित की गई। बैठक का संचालन संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक एस.एस. दिनकर के निर्देशन में पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार संपन्न हुआ।

बैठक में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लेते हुए संगठन के विस्तार, मजबूती तथा सामाजिक कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मानवाधिकार संरक्षण, सामाजिक न्याय एवं अपराध नियंत्रण जैसे उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सदस्यता अभियान को गति देने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन ने कहा कि संगठन की कार्यकारिणी को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी कम से कम दो सक्रिय एवं जागरूक व्यक्तियों को संगठन से जोड़ें, ताकि संगठन सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।
मंडल कार्यालय प्रभारी सुधीर कुमार वर्मा ने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संगठन को अधिक सक्रिय एवं संगठित होकर कार्य करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन के समक्ष आने वाले प्रत्येक मामले की निष्पक्ष विवेचना करते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
तहसील संयोजक शिवदास ने कहा कि महमूदाबाद, पहला एवं रामपुर मथुरा ब्लॉकों में संगठन का विस्तार किया जाएगा तथा जिम्मेदार और सक्रिय लोगों को ही संगठन में दायित्व सौंपे जाएंगे।
बैठक के दौरान अशोक कुमार वर्मा को नगर अध्यक्ष महमूदाबाद के रूप में परिचय पत्र पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने नगर की जनसमस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
इसके अतिरिक्त संगठन के वार्ड, ग्राम, नगर, ब्लॉक, तहसील, विधानसभा, जनपद, मंडल, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों से मोबाइल माध्यम से संवाद स्थापित किया गया। बैठक के अंत में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई तथा सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

