Reading: नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो दिन में 8 वाहन इम्पाउंड, अवैध खनन पर कड़ा शिकंजा, कई टिप्पर, ट्रैक्टर और डम्पर पकड़े गए, माइनिंग एक्ट में चालान

नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो दिन में 8 वाहन इम्पाउंड, अवैध खनन पर कड़ा शिकंजा, कई टिप्पर, ट्रैक्टर और डम्पर पकड़े गए, माइनिंग एक्ट में चालान

RamParkash Vats
3 Min Read

Bharmar Head Office ,Himachal News Desk,Editor Ram Parkash Vats

पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। बीते दो दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 8 वाहनों को पकड़कर इम्पाउंड किया गया, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना इंदौरा के अंतर्गत चौकी ठाकुरद्वारा क्षेत्र में पुलिस द्वारा नाकाबंदी और नियमित पेट्रोलिंग के दौरान लगभग 20 से 25 वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान 4 टिप्पर बिना आवश्यक X-Form के खनन सामग्री ले जाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को माइनिंग एक्ट के तहत इम्पाउंड कर चालान किए और मामले को न्यायालय में भेज दिया।

वहीं थाना जवाली के अंतर्गत पुलिस चौकी नगरोटा सूरियां क्षेत्र में भी नाकाबंदी के दौरान 2 ट्रैक्टर रेत से भरे हुए पाए गए। जांच में इनके पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके चलते पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर चालान किया और मामला न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

इसी क्रम में थाना डमटाल क्षेत्र में भी पुलिस की सतर्कता देखने को मिली। यहां एक ट्रैक्टर बिना वैध दस्तावेजों के पकड़ा गया। इसके अलावा पुलिस चौकी धांगूपीर के प्रभारी द्वारा स्टाफ के साथ रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान एक डम्पर को बिना X-Form के पकड़ा गया। दोनों वाहनों को माइनिंग एक्ट के तहत इम्पाउंड कर चालान किया गया है तथा चालान माननीय न्यायालय JMFC इंदौरा में प्रस्तुत किए जाएंगे।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे खनन से संबंधित सभी नियमों का पालन करें और किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल न हों। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!